अलीगढ़। जननी सुरक्षा योजना के तहत अलीगढ़ जिले में 17 अक्टूबर तक 23,748 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने योजना के अंतर्गत लंबित भुगतानों का पांच दिन में निस्तारण कर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से सितंबर तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण सरकारी चिकित्सालयों में 30,364 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। यह संख्या पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 1,347 अधिक है।
महिला चिकित्सालय में सर्वाधिक भुगतान

जननी सुरक्षा योजना के तहत मोहन लाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय में सर्वाधिक 5,401 लाभार्थियों को भुगतान किया गया। जेएन मेडिकल कॉलेज में 2,811, गंगीरी में 2,138, अतरौली में 1,351, खैर में 1,371, जवां में 1,332 और अकराबाद में 1,327 महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी गई। इसके अलावा धनीपुर में 1,060, जिला चिकित्सालय में 965, इगलास में 959, बिजौली में 839, चंडौस में 708, लोधा में 659, डीडीयू में 608, गोंडा में 604, गभाना में 292 और बेसवां में 201 लाभार्थियों को भुगतान किया गया।
बैंक खाते खुलवाने के लिए चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन पात्र महिलाओं के बैंक खाते नहीं खुले हैं, उनके खाते प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खुलवाए जाएं। अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक सोनी को बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर आधार आधारित बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया आसान बनाने को कहा गया है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग भुगतान की नियमित निगरानी कर रहा है। प्रशासन ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे अपना आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण संबंधित अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र या आशा कार्यकर्ता को जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि भुगतान में देरी न हो और कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।




